भोपाल: बाहर घूमने से रोकने पर पुलिसकर्मियों को चाकू मारे

भोपाल में दो दिन से टोटल लॉकडाउन है। पुलिस पुराने शहर में गश्त कर लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रही है, लेकिन सोमवार रात बाहर घूम रहे कुछ लोगों ने दो पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई करेगी। दूसरी ओर, टोटल लॉकडाउन होने से लोगों को जरूरी सामान मिलना बंद हो गया है। यहां किराना और दूध की सप्लाई भी बाधित हुई है।
इंदौर: आज से दुकानों, सब्जी ठेलों से खरीदारी की तो जेल जाएंगे
कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस मंगलवार से सख्ती करेगी। पुलिस की गाड़ियां शहर में घूमेंगी। जो व्यक्ति बिना काम बाहर घूमता मिलेगा, किराना की दुकान खुली रखेगा या सब्जियां बेचता मिलेगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि जो इन दुकानों या ठेलों से खरीदारी करेगा, उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इसके लिए कलेक्टर मनीष सिंह ने सांवेर रोड स्थित श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय के प्रथम तल को 30 दिन तक अस्थायी जेल घोषित किया है। किराना की दुकानें खोलने, सब्जियां बेचने पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। शहर में 60 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की है। तिलक नगर पुलिस ने भी कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर छह पर केस दर्ज किया। इंदौर में अब तक 151 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यहां महामारी से मरने वालों की संख्या 13 हो गई है। एक अच्छी खबर भी आई। सोमवार को कोरोना से जंग जीतकर 11 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए।